दोस्त की बहन से छेड़छाड़ करने पर की थी हत्या
आरोपी पंजाब में छिपाकर तीन वर्ष से रह रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने साथियों के साथ दो युवकों की नरेला इलाके में पीटकर हत्या करने वाले भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। बिहार निवासी विजेंद्र कुमार (26) नामक इस अपराधी को कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया हुआ था। वह तीन वर्ष से फरार था और पंजाब में छिपकर रह रहा था।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार शाखा की उतरी रेंज में तैनात इंस्पेक्टर संदीप स्वामी की टीम को सूचना मिली थी कि नरेला में अनिल व सुमित नामक दो दोस्तों की हत्या मामले में वांछित आरोपी विजेंद्र किसी से मिलने सिंघु बॉर्डर के रास्ते नरेला आएगा। एसीपी नरेंद्र सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप स्वामी, एसआई सुखविंदर व एसआई प्रदीप दहिया की टीम ने यहां घेराबंदी कर विजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विजेंद्र कुमार ने थाना नरेला के दोहरे हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पूछताछ के दौरान आरोपी विजेंद्र ने बताया कि कि उसने अपने अन्य दोस्तों अमन, राहुल, विकास, रवि, आजाद, सनी और अंकित के साथ मिलकर नरेला में अनिल व सुमित की हत्या कर दी थी। दोनों उसके दोस्त की बहन के साथ छेडख़ानी करते थे। इसका बदला लेने के लिए इनकी हत्या करने की साजिश रची थी।