- ट्रैफिक पुलिसकर्मी और युवक के बीच बहसबाजी का वीडियो वायरल
- ट्रैफिक पुलिस ने कहा- जाम खुलवाने के दौरान हुआ विवाद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। परी चौक पर बसों के खड़े होने को लेकर ट्रैफिक पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक युवक और ट्रैफिक पुलिस के दारोगा के बीच बहसबाजी होती दिखाई दे रही है। युवक का आरोप है कि निजी बसों को परी चौक पर खड़ा होने दिया जाता है, जबकि आगरा की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को खड़ा नहीं होने दिया जाता।
वायरल वीडियो में दारोगा की ओर से निजी बसों के परी चौक पर खड़े होने देने के लिए हाईकोर्ट के आदेश होने की बात कही जा रही है। वहीं, दूसरे वीडियो में दारोगा यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि सड़क के बीच बस खड़ी होने से जाम लगता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। वीडियो में दारोगा के शराब के नशे में होने की बात भी एक व्यक्ति कहते हुए सुनाई देता है। वहीं इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वीडियो करीब दो दिन पुराना है। परी चौक पर एक साथ रोडवेज की कई बसें आने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। यातायात सामान्य कराने के लिए पुलिसकर्मियों ने रोडवेज की इलेक्ट्रिक बस के चालक से बस हटाने के लिए कहा था।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर अमर पाल सिंह का कहना है कि परी चौक पर पहले से ही बड़ी संख्या में वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती रहती है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बसों को सड़क पर खड़ा न करने के निर्देश दिए जाते हैं।