भारत मंडपम में होगा आयोजन, समग्र जीवनशैली को अपनाने की दी जाएगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आठवां इंटरनेशनल हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपो 11 से 13 जुलाई तक भारत मंडपम में होगा। इसका शुभारंभ केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। एक्सपो में मन, शरीर व आत्मा के संतुलन को बढ़ावा देकर समग्र जीवनशैली को अपनाने की जानकारी दी जाएगी।
इस बारे में नमो गंगे ट्रस्ट के संस्थापक चेयरमैन विजय शर्मा ने बताया कि यह भारतीय चिकित्सा पद्धति का सबसे बड़ा एक्सपो होगा। यह स्वास्थ्य एवं आरोग्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करेगा, जिनमें आयुष (आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध, होम्योपैथी), पोषण एवं स्वास्थ्य पूरक, फिटनेस और वेलनेस उद्योग, जैविक एवं हर्बल उत्पाद, कृषि, बागवानी एवं औषधीय पौधे, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं, बायो-एनर्जी एवं सतत जीवन शैली, अनुसंधान, शिक्षा एवं सरकारी संस्थाएं सहित अन्य शामिल हैं। यहां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगेगा।