-दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन जा रही थी महिला
- सेक्टर-12/22 चौराहे पर मिले तीन लोगों दिया वारदात को अंजाम
माई सिटी रिपोर्टर।
नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में एक चौराहे पर खड़ी महिला को तीन लोगों ने चकमा देकर उसके जेवरात ठग लिए। पीड़िता ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सेक्टर 24 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बिसरख थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी ऊषा देवी ने पुलिस को बताया कि पांच अक्तूबर अपने घर मयूर विहार फेज-तीन जाने के लिए सेक्टर-12/22 चौराहे पर खड़ी थीं। तभी उनके पास तीन लोग आए। एक दूसरे को दिलशेर, कमल हसन कहकर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पीड़िता से कहा कि आपके भाइयों में झगड़ा चल रहा है। अगर आप चाहती हो कि सभी प्यार से रहें तो वह मंदिर में पूजा कराकर सही करा देंगे।
पीड़िता उनकी बातों में आकर सेक्टर-22 स्थित मंदिर के पास उनके साथ चली गई। जहां आरोपियों ने कुछ मंत्र पढ़े और कहा कि वह जेवरात उतारकर अपने पर्स में रख लें। आरोपियों द्वारा बताए अनुसार पीड़िता ने कान के टॉप्स, गले में पहना लॉकेट उतारकर अपने पर्स में रख लिए। इसके बाद आरोपियों ने बातों में उलझाकर उनसे पर्स ले लिया और फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।