नजफगढ़ जोन में सबसे ज्यादा डेंगू के आठ मरीज सामने आए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। एमसीडी और अन्य एजेंसियों की ओर से जारी रिपोर्ट में पिछले सप्ताह के दौरान डेंगू और मलेरिया के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में मलेरिया के 38 व डेंगू के 59 मामले सामने आए। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र डेंगू के मामलों में नजफगढ़ जोन रहा जहां आठ केस दर्ज हुए। इसके अलावा करोल बाग, साउथ और वेस्ट जोन में भी छह-छह मामलों की पुष्टि हुई। मलेरिया के मामलों में सेंट्रल जोन सबसे प्रभावित रहा जहां सात नए मरीज मिले जबकि शाहदरा (उत्तर) और शाहदरा (दक्षिण) जोन में पांच-पांच मामले दर्ज किए गए। एमसीडी का कहना है कि मौसम में नमी और बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश के कारण मच्छरों के प्रजनन की स्थिति बनी हुई है जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है। वहीं, एमसीडी के एंटी मलेरिया विभाग के कर्मचारी कई दिनों से हड़ताल पर हैं जिससे फॉगिंग और लार्वा जांच जैसी नियमित गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। इस वजह से मच्छर जनित बीमारियों के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है।