नोएडा पुलिस ने ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 500 से ज्यादा बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों से 13 मोबाइल, 10 डेबिट कार्ड, चार फर्जी सिम कार्ड, इंटरनेट डोंगल और 29 हजार नकद बरामद किए हैं।
जिगोलो बनाने के नाम पर 500 से अधिक बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों भाई फेसबुक, इंस्टाग्राम पर फ्रेंडशिप क्लब का पेज बनाकर लोगों से संपर्क कर ठगी करते थे।
विज्ञापन
दोनों की पहचान राजनगर एक्सटेंशन निवासी केतन अरोड़ा और चिराग अरोड़ा के रूप में हुई है। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने दोनों के पास से 13 मोबाइल, 10 डेबिट कार्ड, चार फर्जी सिम कार्ड, इंटरनेट डोंगल और 29 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस आरोपियों के नेटवर्क के बारे में पता लगा रही है। दोनों आरोपी सबसे फ्रेंडशिप क्लब में पार्ट टाइम नौकरी दिलाने के नाम पर फेसबुक, इंस्टाग्राम व अन्य अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेज बनाते थे। पेज को लाइक करने या कोई मैसेज भेजने के बाद आरोपी संपर्क करते थे।
विज्ञापन
जिसमें हाई प्रोफाइल सोशलाइट महिलाओं के लिए काम करने के एवज में अच्छी खासी कमाई की बात कही जाती थी। आरोपी जिगोलो बनाने के नाम पर आईडी बनवाने, किट देने, प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी फीस आदि के नाम पर हजारों की ठगी कर लेते थे। पैसे लेने के बाद पीड़ितों से संपर्क काट लेते थे।
हाईप्रोफाइल महिलाओं से दोस्ती पर 30 हजार देने का देते थे झांसा
नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि दोनों भाई हाई प्रोफाइल महिलाओं के साथ फाइव स्टार होटल, स्पा सेंटर में मीटिंग करने के नाम पर युवकों को झांसा देते थे।
युवाओं को एक बार की मीटिंग में 25 से 30 हजार रुपये मिलने की बात कही जाती थी। पीड़ितों को झांसे व विश्वास में लेने के लिए कहते थे कि इस 25-30 हजार में 20 फीसदी रकम दोनों आरोपियों को देना होगा।
500 से अधिक लोगों से चैट मिले
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें पांच सौ से अधिक लोगों के चैट मिले हैं। इनमें कई लोग ऐसे हैं जिनसे अभी ठगी करने को लेकर बातचीत चल रही थी। ये आरोपी रोजाना 50 से अधिक लोगों से संपर्क करते थे। इनमें से कुछ लोग इनके चंगुल में आ जाते थे और उनसे पैसे अलग अलग अकाउंट में मंगवा लेते थे।
केतन लड़की की आवाज में करता था बात
ठगी से पहले दोनों भाई पहले किसी युवक को फोन कर झूठी जानकारी देते थे। इसी दौरान बड़ा भाई केतन कंपनी की मैनेजर बताकर लड़की की आवाज में पीड़ितों से बात करता था। केतन लड़की बनकर युवकों को पूरी तरह से अपने झांसे में लेकर ठगी करता था।
डेढ़ साल पहले इसी तरह की ठगी के शिकार हुए थे दोनों
पुलिस पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनसे भी जिगोलो बनाने के नाम पर ठगी की गई थी। इसी के बाद आरोपियों ने यह काम शुरू किया। दोनों दसवीं पास है। इसी पांच मार्च को एक युवक ने कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से शिकायत की थी कि उनके पास टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था और पार्ट टाइम जॉब के लिए ऑर्चिड स्पा में जगह खाली है। इसके बाद उससे फोन पर संपर्क कर जालसाजों ने आईडी बनाने के नाम पर चार सौ रुपये ले लिया। फिर प्रोसेसिंग फीस, किट, सिक्योरिटी मनी आदि के नाम पर कुल 1.83 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद न तो महिलाओं से मीटिंग कराई और न ही पैसे वापस किए। जब इस मामले की जांच की गई तो इस गिरोह का खुलासा हुआ।
हाई प्रोफाइल महिलाओं के साथ मीटिंग कराने के नाम पर 500 से अधिक लोगों से ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फ्रेंडशिप क्लब का पेज बनाकर ठगी करते थे। - शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी नोएडा।