कंपनी के साथ 50 लाख से अधिक की धोखाधड़ी - सेक्टर-65 स्थित कंपनी के कर्मचारियों पर लगाया आरोप, केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-65 स्थित इलेक्ट्रिक उत्पाद बनाने वाली एक प्राइवेट कंपनी के साथ 50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों ने डाटा के साथ हेराफेरी और चोरी कर कंपनी को नुकसान पहुंचाया है। इस मामले में एचआर, ठेकेदार और सुपरवाइजर समेत अन्य के खिलाफ कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-65 स्थित कंपनी के प्रतिनिधि गौरव गौतम ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी कंपनी इलेक्ट्रिक उपकरण तैयार करती है। कंपनी में एचआर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत जिला बुलंदशहर के चोला निवासी सुघेश सोलंकी, ठेकेदार-सुपरवाइजर हैप्पी यादव और अन्य कर्मियों ने मिलकर धोखाधड़ी, साजिश, डाटा के साथ हेराफेरी और चोरी करके कंपनी को नुकसान पहुंचाया है। आरोपियों ने कंपनी की आंतरिक प्रक्रिया का दुरुपयोग किया। फर्जी दस्तावेजों और झूठे कार्य रिकॉर्ड के आधार पर लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया है। आरोप है कि नकली कर्मचारी दिखाकर वेतन का भुगतान करवा कर धोखाधड़ी की गई। जब यह गड़बड़ी पकड़ी गई तब पुलिस से इसकी शिकायत की गई। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।