गुड़गांव गेटवे, टाटा ला विडा, एनीग्मा और इंडिया बुल्स पार्क सेंट्रम को नए स्वीचिंग स्टेशन से जोड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर अस्थायी कनेक्शन की समस्या से जूझ रहे सोसाइटियों के लोगों को कुछ राहत मिली है। चार सोसाइटियों के लिए दो 33 केवीए स्वीचिंग स्टेशन चालू किए गए हैं। इससे करीब तीन हजार परिवारों को राहत मिलेगी।
सेक्टर-112 स्थित गुड़गांव गेटवे, टाटा ला विडा, सेक्टर-110 स्थित एनीग्मा और सेक्टर-103 स्थित इंडिया बुल्स पार्क सेंट्रम को नए स्वीचिंग स्टेशन से जोड़ दिया गया है। न्यू पालम विहार के एसडीओ विक्रम सिंह परमार ने बताया कि इन दोनों सबस्टेशनों से 11 केवी केबल के कारण आने वाली समस्याओं का हल हो गया है। इन सोसाइटियों में देर तक बिजली कटौती और केबल फॉल्ट के कारण आने वाली दिक्कतें हल हो गई हैं। आने वाले दिनों में अन्य सोसाइटियों के पास भी स्वीचिंग स्टेशन बनाकर उनसे जोड़ दिया जाएगा। इस पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आई है।
लोग बोले- नहीं हुआ समस्याओं का समाधान
दूसरी ओर सोसाइटियोें के प्रतिनिधियों की शिकायत जारी है। सेक्टर-103 इंडिया बुल्स सेंट्रम पार्क के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अंबरीश रंजन ने बताया कि हमारा स्वीचिंग स्टेशन काफी दूर होने के कारण अभी दिक्कत हो रही है। बृहस्पतिवार को सोसाइटी में पांच घंटे बिजली नहीं थी। यहां जब भी कोई गड़बड़ी होती है तो सेक्टर-110 स्थित स्वीचिंग स्टेशन से कंपनी के कर्मी को आने में वक्त लगता है। एक ही ग्रुप की सोसाइटी होने के एक स्वीचिंग स्टेशन दिया गया है। टाटा ला विडा के निवासियों ने बताया कि स्वीचिंग स्टेशन लगने के बाद भी बिजली कट रही है। बृहस्पतिवार की तीन बार बिजली कटौती हुई। शत प्रतिशत समस्या हल नहीं हुई है।