केएमपी एक्सप्रेसवे के पास पौधरोपण के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने किया निरीक्षण, तीन प्रोजेक्ट में 91 हजार पौधे लगेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मेट्रो निर्माण के लिए गुरुग्राम से 1800 पेड़ काटे जाने हैं। सेक्टर नौ से बसई पुल और द्वारका एक्सप्रेसवे तक जाने वाले रास्ते में कई पेड़ कट चुके हैं। इसके एवज में कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी) एक्सप्रेसवे के आसपास वन विभाग 18 हजार पौधे लगाएगा। इसके लिए टेंडर जारी होगा। शुक्रवार को अधिकारियों से मौके का निरीक्षण किया।
हरियाणा वन विकास निगम (एचएफडीसी) इन पौधों को लगवा रहा है। वन्य जीव अधिकारी आरके जांगड़ा ने बताया कि केएमपी एक्सप्रेसवे को हरा-भरा करने के लिए तीन प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ है। इनमें केएमपी के किनारे ढलान पर 40, 000 बांस के पेड़ लगाए जाने हैं। इसके साथ ही 31000 बड़े पेड़ों के पौधे लगाए जाएंगे। इससे हाईवे पर प्रदूषण कम होगा। हाईवे के सेंट्रल वर्ज पर सजावटी पौधा टर्मिनेलिया मेंटेलिया और बोगनवेलिया लगाया जाएगा। 10,000 टर्मिनेलिया और 10,000 बोगनवेलिया लगाए जाएंगे।