नोएडा। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस की टीम ने सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद दिल्ली के दुर्गेश गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान खोड़ा निवासी अमित उर्फ मोटा, उमेश, अंकित और मोनू भदौरिया के रूप में हुई है। चारों बदमाश सुबह सैर करने वालों से लूटपाट करते थे। मुठभेड़ में अमित उर्फ मोटा गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीन बदमाशों को कॉबिंग के दौरान पुलिस ने दबोच लिया।
नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर-55 में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए चारों बदमाश नोएडा व एनसीआर के शहरों में सुबह के वक्त चेन व मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल, एक स्कूटी, एक बाइक व तमंचे बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस की टीम सोमवार सुबह सेक्टर-55 रेडिसन होटल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान स्कूटी व बाइक सवार चार लोगों को रुकने का इशारा किया। दोपहिया सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमित को गोली लग गई। वहीं, उमेश, अंकित और मोनू भदौरिया को कॉबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इन बदमाशों ने हाल में ही नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली में चेन व मोबाइल स्नेचिंग की कई वारदात को अंजाम दिया है। चारों कई साल से आपराधिक वारदात कर रहे हैं। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ मोटा पर लूट व अन्य गंभीर मामलों में एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उमेश पर 8, अंकित पर 3 और मोनू पर 3 मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस से बैड कैरेक्टर घोषित दुर्गेश खोड़ा से चला रहा गैंग
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सभी दिल्ली के दुर्गेश गैंग के सक्रिय गुर्गे हैं। दुर्गेश दिल्ली पुलिस से बैड कैरेक्टर घोषित है और वर्तमान में वह गाजियाबाद के खोड़ा में रहकर गैंग चला रहा है। दुर्गेश पर दिल्ली व अन्य शहरों में लूट व अन्य मामलों के 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जब से इसने खोड़ा में अपना ठिकाना बनाया है, तब से नोएडा में घटनाएं कर रहा है। खासकर नोएडा में गिरफ्तार अमित उर्फ मोटा अधिक सक्रिय था।
मार्निंग वॉक करने वाले और कंपनी कर्मचारी थे निशाने पर
इन बदमाशों के निशाने पर मॉर्निंग वॉक करने वाले और कंपनी कर्मचारी होते थे। चारों आरोपी सुबह के वक्त बाइक व स्कूटी से निकलते थे। पहले पार्कों के आसपास गन प्वाइंट पर सुबह सैर करने वालों से चेन व मोबाइल लूटते थे। इसी दौरान कंपनी व फैक्ट्रियों में काम करने जा रहे लोगों को भी निशाना बनाते थे। जो पैसे मिलते थे, उसे नशा और मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।
मुठभेड़ में दुर्गेश गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। एक को गोली लगी है। उस पर एक दर्जन से अधिक लूट के मुकदमे हैं। गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
- रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा