तावडू। उपमंडल के गांव कांगरका में सोमवार शाम साढ़े छह बजे बड़े हादसे में चार लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई। एक लड़की घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारण का पता लगाने में जुट गए। दूसरी ओर हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया।
ग्राम पंचायत के सरपंच मुस्तकीम ने बताया कि सोमवार शाम 6:30 बजे के करीब उनके ही करीबी परिवार से वकीला (19) पुत्री शेर मोहमद, जनिस्ता (18) और उसकी बहन तस्लीमा (10) पुत्री जेकम और गुलअफशा (9) पुत्री हमीद, सोफिया (9) पुत्री जावेद गांव में ही पंचायती जगह से मिट्टी लेने गईं थीं। उन्होंने बताया कि सभी लड़कियां एक साथ मिलकर मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया और ढांग उनके ऊपर गिर पड़ी। इसमें जनिस्ता, तस्लीमा, गुलअफशा और वकीला दब गईं, सोफिया घायल हो गई। सोफिया के शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठे हो गए। जिन्होंने दबी हुई लड़कियों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद चारों लड़कियों को निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस खबर से गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त शक्ति सिंह, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला और एसडीएम सुरेंद्र पाल भी मौके पर पहुंच गए। सभी अधिकारी हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गए। वहीं, परिवार लोगों ने बताया कि वह कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं। वह इसे एक प्राकृतिक घटना बता रहे हैं।