निवेश करने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले चार साइबर जालसाजों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी एक्सिस बैंक का असिस्टेंट सेल्स मैनेजर है। पुलिस की टीम ने आरोपियों के खातों में 6 लाख 34 हजार रुपए फ्रीज कराए हैं। साइबर क्राइम की टीम इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
13 जनवरी को एक महिला ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि साइबर जालसाजों ने शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर उनके साथ 26 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है। इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान साहिबाबाद निवासी कुलदीप गिरी, राजनगर एक्सटेंशन निवासी शादाब हुसैन, कवि नगर गाजियाबाद निवासी साहिल और लोनी गाजियाबाद निवासी खुशी मोहम्मद के रूप में हुई है।
गिरफ्तार शादाब हुसैन राज नगर गाजियाबाद के एक्सिस बैंक में असिस्टेंट सेल्स मैनेजर है। इन आरोपियों ने निवेश करने के नाम पर देशभर के कई शहरों में ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इनके पास से सात मोबाइल, तीन सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड चेक बुक समेत पांच पैन कार्ड बरामद किया गया है।
डीसीपी साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि ये जालसाज व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर चैटिंग कर बड़ी-बड़ी कंपनियों के नाम पर अपने साथ जोड़ लेते हैं और मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं। किसके साथ ही यह लोग एपीके फाइल भेज कर मोबाइल का एक्सेस ले लेते हैं और खातों से रकम निकाल लेते हैं।
इन आरोपियों ने नोएडा के अलावा कई राज्यों में साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इनके खिलाफ नेशनल क्राइम पोर्टल पर कल 14 शिकायतें अभी तक मिली है। इनमें तमिलनाडु के दो, उत्तर प्रदेश के एक, पश्चिम बंगाल के पांच, दिल्ली के दो, गोवा, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक और तेलंगाना के एक-एक मामले शामिल है।