गिरधरपुर गांव के दोहरे हत्याकांड के आरोपियों की चार करोड़ की संपत्ति जब्त करती पुलिस
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा/दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में 8 फरवरी,21 को प्लॉट के रास्ते के विवाद में चचेरे भाई सलेक उर्फ सुरेश व अमित की गोली मारकर हत्या के मुख्य आरोपी देवेंद्र चंदेला की रविवार को चार करोड़ की संपत्ति जब्त कर दी गई। आरोपियों ने भरी पंचायत में दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया और बाद में गवाह चाचा प्रेम सिंह की भी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया था।
डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर ने बताया कि पुलिस ने छपरौला, गिरधरपुर में पहुंचकर मुनादी कराई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर न्यायालय के आदेश पर मुख्य आरोपी देवेंद्र चंदेला का स्कूल, फॉरच्यूनर कार, आठ प्लॉट व खेत आदि चार करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त कर ली। प्रेम सिंह के बेटे धर्मेंद्र ने देवेंद्र चंदेला, रविंद्र, अमित सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।