फरीदाबाद। एमबीए के छात्र कविश खन्ना की हत्या मामले को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने सुलझा लिया है। इस मामले में चार आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें अजरौंदा निवासी पिंटू खान, मच्छी मार्केट निवासी विशाल और राम व पर्वतीया कॉलोनी निवासी दीपक हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नशे के इंजेक्शन की ओरवरडोज से कविश की मौत हुई थी। पुलिस बृहस्पतिवार को चोरों को अदालत में पेश करेगी। तीन दिन की रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल शर्मा और एसआई ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिंटू ने बताया की उसने फोन करके कविश को प्रेस कालोनी खंडहर बुलाया था। विशाल ड्रग्स सप्लाई करता है। उसने कविश को नशीला इंजेक्शन दिया था, जिसकी ओवरडोज के कारण उसकी हालत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। दीपक ने पिंटू को नशीले इंजेक्शन बेचे थे। इस मामले में पहले एसजीएम नगर थाना पुलिस ने कविश के पिता की शिकायत पर मुकदमा हत्या की धाराओं के तहत दर्ज किया था। अब जांच में सामने आया है कि कविश के साथ पिंटू और विशाल ने भी नशीला इंजेक्शन लिया था। क्राइम ब्रांच मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धाराएं जोड़ सकती है।
ड्रग्स माफिया के अड्डे पर मारा छापा, मुख्य आरोपी फरार
क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को तीन युवकों को हिरासत में लिया था। टीम को जानकारी मिली कि मच्छी मार्केट मुजेसर में बड़े स्तर पर ड्रग्स का धंधा हो रहा है। इसका मास्टरमाइंड लाला नाम का व्यक्ति है। वह नशीले इंजेक्शन के साथ ही अन्य नशीले पदार्थ व ड्रग्स भी बेचता है। बुधवार को क्राइम ब्रांच डीएलएफ, ऊंचा गांव, बदरपुर बार्डर, मुजेसर थाना व महिला थाना एनआईटी की टीमों ने मच्छी मार्केट में छापा मारा, लेकिन मुख्य आरोपी लाला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वहीं तीनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आए एक आरोपी राम को गिरफ्तार कर लिया गया।