पुन्हाना/पिनगवां। पिनगवां पुलिस ने प्राइमरी एग्रीकल्चर कॉपरेटिव सोसाइटी (पैक्स) के पूर्व मैनेजर महा सिंह के खिलाफ करीब 25 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज किया है। कॉपरेटिव सोसाइटी पिनगवां और शिकरावा के मौजूदा बैंक मैनेजर अता मोहम्मद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनेजर अता मोहम्मद ने बताया कि महा सिंह वर्ष 2015 में प्राइमरी एग्रीकल्चर कॉपरेटिव सोसाइटी (पैक्स)में मैनेजर पद कार्यरत था। इस दौरान उसने 2471587 का गबन किया था। इस बारे में 2020 में हुई स्पेशल ऑडिट के दौरान गबन का पता चला था। आरोपी महा सिंह के खिलाफ जांच की गई तो उसमें भी आरोपी के खिलाफ गबन की तस्दीक हुई। उन्होंने बताया कि जो किसानों से पैसे आये थे उनको महा सिंह ने बैंक में जमा करने की बजाए अपने पास रख लिए। पैसे जमा कराने के बारे में उनको कई नोटिस दिए गए। जब आरोपी ने कोई सहयोग नहीं किया तो विभाग ने आरोपी मैनेजर महा सिंह को उनके पद से हटा दिया। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर महा सिंह के खिलाफ पिनगवां थाने में गबन का मामला दर्ज कराया गया है।
पिनगवां थाना प्रभारी ओमबीर ने बताया कि मैनेजर अता मोहम्मद की शिकायत पर पूर्व मैनेजर महा सिंह के खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।