- एक दिसंबर से आवेदन की प्रकिया होगी शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर दाखिले के लिए एक दिसंबर से आवेदन की प्रकिया शुरू होगी। इस बार यह प्रक्रिया चार बजाय पांच चरणों की होगी। ई-लॉटरी के माध्यम से बच्चों का चयन किया जाएगा। निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में पहली कक्षा की 25 फीसदी सीटों पर बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। पांचवें चरण में ऐसे बच्चों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे जोकि दूसरे वार्डों या ग्राम पंचायतों के होंगे।
आवेदन के बाद स्कूल आवंटित करने की प्रक्रिया ई-लॉटरी के जरिये होगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि इस बार आवेदन करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के आधार कार्ड अनिवार्य किए गए हैं।
यह दस्तावेज होंगे जरूरी
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश पाने के लिए अभिभावकों को अपने बच्चों के जो दस्तावेज तैयार कराने होंगे, उसमें अभिभावकों का आधार कार्ड, आय-प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, अभिभावक का निवास प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र और अभिभावक व बच्चे का आधार कार्ड शामिल है।