जिले में दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन मोटो जीपी बाइक रेस और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होना है। इसमें कई वीवीआईपी के आने की संभावना है। जिसको लेकर कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन बुधवार को फेज स्थित दो फल व सब्जी मंडी में मानवता को झकझोर देने वाला वीडियो ने यहां कायम जंगलराज की पोल खोल दी है। यहां एक दुकानदार को निर्वस्त्र कर मंडी में घुमाया गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक को निर्वस्त्र कर आरोपी उसे सब्जी मंडी में घुमा रहे हैं। हैरानी की बात है कि यह दिन का वीडियो है। वीडियो को सोशल मीडिया के विविध प्लेटफॉर्म पर सैकड़ों लोगों ने साझा किया है और इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित सब्जी विक्रेता है। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा एक सब्जी बेचने वाले दुकानदार को दुकान में बंद कर निर्वस्त्र कर पीटने और जान से मारने की धमकी दी। उसका गुनाह सिर्फ इतना था कि वह वायदे के मुताबिक उधारी के पूरे पैसे नहीं चुका पाया था। पुलिस को दी शिकायत में मैनपुरी निवासी अमित ने बताया कि वह फेज दो के सेक्टर-88 स्थित मंडी में ठेले पर लहसुन बेचता है।
उसने एक महीने पहले सुंदर से 5,600 रुपये काम के लिए उधार लिए थे। सोमवार को आढ़ती सुंदर से मिला और उसने 2500 रुपए दे दिए। बाकी पैसों को बाद में देने की बात कही। इस बात पर सुंदर ने अपने मुनीम और दो मजदूरों को बुला लिया। चारों ने उसे दुकान में बंद कर दिया और उसे नंगा कर डंडों से पिटाई की और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद पीड़ित ने फेज दो कोतवाली क्षेत्र में क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी आढ़ती सुंदर, मुनीम और दो मजदूरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। एडीसीपी सेंट्रल डॉक्टर राजीव दीक्षित का कहना है कि मामले में पीडित की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य की तलाश की जा रही है। जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी।