तावडू। बुधवार को तावडू शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एसडीएम सुरेन्द्र पाल के नेतृत्व में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर नमूने लिए। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के छापे की भनक लगते ही अफरातफरी मच गई। परचून की दुकान के मालिक, तेल मिल व मिठाई विक्रेताओं ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों का शटर बंद कर ताला जड़ दिया।
तावडू एसडीएम सुरेंद्र पाल ने बताया कि दीपावली से पहले मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर मिलावट की मिठाई बेचने वालों पर नकेल कसी जाएगी। इसके लिए यह अभियान जारी रहेगा। दीपावली पर्व के दौरान कुछ दुकानदार लालच के चलते मिलावट करते हैं। वहीं, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि दीपावली पर्व पर मिठाइयों में मिलावट की आशंका रहती है, इसके सैंपल लेने के लिए अभियान छेड़ा गया है बुधवार को उन्होंने तावडू की एक मिठाई दुकान से तीन मिठाइयों, किराना स्टोर से एक सूजी और एक डेयरी से घी का सैंपल लिया है। जिसे जांच के लिए भेज दिया गया है। लगभग 15 दिन में रिपोर्ट आने पर यदि खाद्य सामग्री में मिलावट की पुष्टि हुई तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी।