संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे स्टेशन पर बूम बैरियर की सुविधा के तहत पांच आवागमन द्वार बनाए जाएंगे। रेलवे ने ठेकेदार के लिए नियम जारी किए हैं। इसके तहत वाहनों के स्टेशन परिसर में आने के लिए दो आगमन द्वार बनाए जाएंगे और निकासी के लिए तीन द्वार बनाए जाएंगे। पिछली बार हुए विवाद से सबक लेते हुए रेलवे ने नियमों में यह बदलाव किया है ताकि वाहन चालकों को लंबी लाइनों में न लगना पड़े और वाहनों का आवागमन भी सुचारु ढंग से हो सके।
योजनाबद्ध तरीके से होगा काम
रेलवे ने ठेकेदार को योजनाबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए हैं ताकि वाहन चालकों के साथ किसी भी प्रकार का विवाद पैदा न हो। ठेकेदार ने भी बूम बैरियर सुविधा के तहत पक्के तौर पर पढ़े-लिखे कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए एक एजेंसी से संपर्क किया है। इस सुविधा के लिए 18 के करीब कर्मचारी शिफ्टों के हिसाब से स्टेशन पर तैनात किए जाएंगे। कर्मचारियों को वर्दी पहनना और आई कार्ड लगाना अनिवार्य होगा। नियमों की अवहेलना पर रेलवे की ओर से ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
रेट के लिए लगेंगे पोस्टर
बूम बैरियर के तहत पिक एंड ड्रॉप सुविधा सहित पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों से लिए जाने वाले शुल्क को लेकर प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। उसे सभी मुख्य स्थानों पर रेट से संबंधित बैनर चस्पाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि रेट को लेकर किसी भी वाहन चालक को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसकी जिम्मेदारी रेलवे स्टेशन पर तैनात वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को सौंपी गई है जोकि समय-समय पर व्यवस्थाओं का आकलन करके उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे।
बूम बैरियर का काम योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसमें नियमों के तहत पांच बैरियर स्थापित किए जाएंगे। बैरियर पर पढ़े-लिखे कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा जोकि वाहन चालकों से नर्मी से पेश आएंगे। इसके अलावा नए रेट को लेकर भी बैनर व बोर्ड आदि लगाने के निर्देश ठेकेदार को दिए गए हैं।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।