संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने काॅलेजों में स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिला तारीख को बढ़ाया है। कॉलेजों में अभ्यर्थी 27 अक्तूबर तक दाखिला ले सकते हैं। यह दाखिला तारीख प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के लिए बढ़ाई गई है। कॉलेजों में दाखिला तारीख तो बढ़ी है, लेकिन अभ्यर्थी दाखिला लेने के लिए कम ही पहुंच रहे हैं, जिससे पहले से ही खाली पड़ी सीट के भरने की संभावना कम ही है। कॉलेजों में मौके पर ही दाखिला फार्म लिया जाएगा और मेरिट के अनुसार दाखिला किया जाएगा। शहर के डीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव महाजन ने बताया कि कॉलेज में सोमवार को दाखिले किए जाएंगे, अगर कोई अभ्यर्थी दाखिले से वंचित रह गया है तो वह दाखिला ले सकता है।
बीए, बीकॉम जैसे कोर्स में ज्यादा सीट पड़ी खाली
इस बार निदेशालय की ओर से दाखिले को लेकर कई बार तारीख बढ़ाई गई और कई राउंड में काउंसलिंग भी चली, लेकिन इसके बाद भी सीट खाली रह गई हैं। अब दोबारा से सीट भरने के लिए पोर्टल को खोला गया है। जिले की बात करें तो 14 से ज्यादा राजकीय, एडिड व सेल्फ फाइनांस कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में सीट खाली पड़ी हैं। सबसे ज्यादा उन कॉलेजों में सीट खाली पड़ी हैं, जिन काॅलेजों में कम कोर्स चल रहे हैं। वहीं, परंपरागत कोर्स में सीट ज्यादा खाली पड़ी हैं। कॉलेजों में बीसीए, बीबीए जैसे कोर्स में तो सीट भर गई थी पर बीए और बीकॉम जैसे कोर्स में अभी भी सीटों के मुकाबले कम ही दाखिले हुए हैं, इसको लेकर विभाग की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि कई जगहों पर स्टाफ ज्यादा है तो विद्यार्थी कम हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति में इस बार तीनों कक्षाएं पढ़ाई कर रही
कॉलेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई करवाई जा रही है। इस वर्ष प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष तीनों कक्षाओं के विद्यार्थी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई कर रहे हैं। विभाग की ओर से कॉलेजों में एड ऑन कोर्स और स्किल एनहांसमेंट कोर्स भी करवाए जा रहे हैं। वहीं, कई कॉलेजों में विषय विशेषज्ञों की कमी है। इस वजह से विद्यार्थियों को इन कोर्स को करने में दिक्कत भी आती है।