-एक अक्तूबर 2024 को शुरू हुआ था कार्यकाल, डेढ़ महीने पहले दिया इस्तीफा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर 70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी में अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) पदाधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। इस वजह से एओए के नौ पदाधिकारियों में से पांच पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एओए का कार्यकाल खत्म होने से डेढ़ महीने पहले ही सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया गया है। इस्तीफा देने वालों ने इसकी वजह पदाधिकारियों के बीच सामंजस्य बनाने में आ रही मुश्किलों को जिम्मेदार ठहराया है।
पांच एओए पदाधिकारियों ने एओए से इस्तीफा देने के बाद उसकी एक कॉपी एओए और डिप्टी रजिस्ट्रार को सौंपी है। इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों में शंभू् शरण, अंजू गोयल, संजीव बरनवाल, अभिषेक श्रीवास्तव, रोमा घासी शामिल हैं। सोसाइटी निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में एओए का कार्यकाल एक अक्तूबर 2024 से शुरू हुआ था। सोसाइटी के रखरखाव का कार्य एओए की ओर से ही किया जा रहा है, लेकिन सोसाइटी में एओए की मनमानियां लगातार बढ़ रही हैं। निवासियों का आरोप है कि एओए बिल्डर से भी मिली हुई है। हालांकि इस संबंध में इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई बात नहीं की।