-अब तक 23 नामजद समेत कई अज्ञात पर दर्ज हो चुकी है रिपोर्ट
-पुलिस ने आठ आरोपियों को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश में दी जा रही दबिश
फोटो 11 एमएएचपी 05 परिचय-फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरफ्तार पांचों आरोपी। स्रोत: पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा करने वाले पांच और आरोपियोंं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अलग-अलग थानों में दर्ज पांच मुकदमों में 23 नामजद समेत कई अज्ञात पर रिपोर्ट है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
डीएम के निर्देश पर उप कृषि निदेशक रामसजीवन ने 27 अगस्त को शहर कोतवाली में बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक समेत कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपर एसपी वंदना सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। बृहस्पतिवार को कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा करने के मामले में शामिल रविंद्र खंगार निवासी बम्हौरी कुर्मिन, देवेंद्र पटेल निवासी घुटई, चरन सिंह निवासी थुरट, पवन राजपूत निवासी सूपा व संगम श्रीवास निवासी नगाराडांग को बजरंग चौक के पास से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल ने बताया कि जांच में सामने आया कि इन लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बिना भूस्वामियों की सहमति से विभिन्न गाटा संख्याओं पर फर्जी तरीके से फसल बीमा कराया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। अब तक इस मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। जल्द ही शेष आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।