बीएड कॉलेज में बेसिक फर्स्ट एड एवं सीपीआर जागरूकता सेमिनार को संबोधित करते सचिव प्रदीप कुमार।
भिवानी। विश्व प्राथमिक सहायता दिवस के अवसर पर हांसी गेट स्थित किरोड़ीमल (केएम) बीएड कॉलेज में बेसिक फर्स्ट एड एवं सीपीआर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक चिकित्सा हर किसी के लिए आवश्यक है क्योंकि यह किसी भी दुर्घटना या आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या में समय पर सही कदम उठाने में मदद करती है। घायल का जीवन बचाने में इसका बड़ा योगदान होता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। रेडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि विश्व प्राथमिक सहायता दिवस को प्रत्येक वर्ष सितंबर माह के दूसरे शनिवार को मनाया जाता है, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूक किया जा सके। इस वर्ष यह कार्यक्रम फर्स्ट एड एंड क्लाईमेट चेंज थीम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस प्रकार की जानकारियां प्राप्त होनी चाहिए ताकि वे किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में समय रहते मदद कर सकें। इस अवसर प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार, एसोसिएट प्रो. डॉ. महाबीर सिंह, दिवाकर वशिष्ठ, यतिन गोयल, हिमानी मौजूद रहे।