संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार से जा रहे एक कंटेनर में अचानक आग भड़क उठी। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और वाहन रोककर कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया, लेकिन कंटेनर में लदा लाखों रुपये का सामान सुरक्षित बच गया।
घटना बुधवार देर रात धरवाड़ टोल प्लाजा के पास की है। जानकारी के अनुसार कंटेनर हरियाणा की ओर से गुजर रहा था। अचानक केबिन में आग की लपटें दिखाई दीं। ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोका और बाहर कूद गया। देखते-देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कंटेनर में रखा सामान सुरक्षित बच गया, लेकिन केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल ड्राइवर या मालिक की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।