कासना थाने में लगी आग, सौ से ज्यादा वाहन जले
पास लगे ट्रांसफार्मर के फटने से हादसा प्रभारी का कक्ष जला, रिकॉर्ड सुरक्षित निकाला
दमकल की चार गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया, कोई जनहानि नहीं हुई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना थाने के पास लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम तेज धमाके के साथ फट गया। इस दौरान आग लगने से थाना प्रभारी के कार्यालय के अलावा जब्त किए गए 100 से अधिक वाहन जल गए। आग लगने से पहले थाना प्रभारी के कक्ष से सारे रिकॉर्ड सुरक्षित निकाल लिए गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे कासना थाने के पास लगा ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया और उसमें आग लग गई।ट्रांसफार्मर थाना परिसर से मात्र आठ मीटर की दूरी पर है। ऐसे में आग थाना प्रभारी के कक्ष तक पहुंच गई। वन विभाग की जमीन पर थाना इंसुलेटेड फाइबर पैनल के मैटेरियल से बना है। थाना प्रभारी के कक्ष में आग लगने से पहले मौजूद 50 पुलिसकर्मियों ने वहां से सारा रिकॉर्ड सुरक्षित निकाल लिया। इसके अलावा चार फरियादी भी निकले गए। देखते ही देखते थाना प्रभारी का कक्ष पूरी तरह जल गया। इसके साथ ही थाने में जब्त करके लाए गए 80 दोपहिया के अलावा अन्य वाहन भी जल गए। थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने बताया कि अगर मुकदमों से जुड़े दस्तावेज जल जाते तो जांच प्रभावित होती।
-
ट्रांसफार्मर फटने से कासना थाने में लगी आग को डेढ़ घंटे में काबू पाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। अग्निकांड से हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है। - अशोक कुमार, एडीसीपी