नोएडा। सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी सर्किल मार्ट में बृहस्पतिवार तड़के 12 दुकानों में आग लग गई। इससे दुकानों में रखा करोड़ों का सामान जल गया। लपटें दुकानों के ऊपर सोसाइटी की छठी मंजिल तक पहुंच गईं और 16 फ्लैटों की बालकनी में रखा सामान जल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आठ गाड़ियों की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 16 मंजिला सोसाइटी के भूतल पर 43 दुकानें हैं। सोसाइटी में 1026 फ्लैट हैं और वर्ष 2017 से 650 फ्लैटों में लोग रह रहे हैं। तड़के करीब साढ़े तीन बजे मार्केट में नमकीन एंड बेकरी की दुकान में आग लग गई। सोसाइटी में तैनात गार्डों ने आग बुझाना शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। इस दौरान जब दुकान के शटर को खोला गया तो लपटें बाहर निकलने लगीं। इसके बाद आग ने आसपास की 11 दुकानों को भी चपेट में ले लिया। लपटें छठी मंजिल तक पहुंच गईं। इससे 16 फ्लैट के बालकनी में रखा सामान, डीटीएच एंटीना, कूलर, एसी जल गए। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
हर दुकान में 20 से 40 लाख का नुकसान
गोल्फ सिटी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव ने बताया कि एक दुकान से आग लगने की शुरुआत हुई है। इसके बाद केक, मिठाई, नमकीन, कपड़े, स्टेशनरी से लेकर अन्य तरह की दुकानों में भी आग फैल गई। हर दुकान में लगभग 20 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विन्नी केक एंड मोर की संचालिका चित्रा कपूर ने बताया कि उन्हें सुबह हादसे की जानकारी मिली। जब वह दुकान पर पहुंचीं तो सामान जला हुआ था। उन्हें करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, ओम बीकानेर के संचालक राजबीर का कहना है कि किराया 85 हजार रुपये है। दुकान का सारा सामान जल गया है।
रंगाई पुताई का काम शुरू
आग लगने के बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही सोसाइटी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोसाइटी की दीवारों पर धुएं से काली परत जमा हो गई थी। कई फ्लैट की बालकनी को काफी नुकसान हुआ था। सुबह से ही सोसाइटी में रंग रोगन व बालकनी व दीवारों की मरम्मत का काम शुरू हो गया था।
तंदूर से आग लगने की आशंका
सोसाइटी में तैनात सुरक्षा गार्डों के मुताबिक, आशंका है कि सर्दी के कारण कर्मी बाहर से तंदूर को दुकान के अंदर ले गए जो गलती से वहीं छूट गया। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि जिस दुकान से आग लगने की शुरुआत हुई, वहां एयरकंडीशन नहीं लगा हुआ था।
12 दुकानें जली हैं। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। - रणविजय सिंह, एडीसीपी, नोएडा