सोमवार देर रात सुपरटेक रोमानो सोसाइटी के ए-3 टॉवर के बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग तेईसवीं मंजिल तक फैली, दमकल ने आधे घंटे में काबू पाया, जनहानि नहीं हुई।
सुपरटेक रोमानो सोसाइटी के ए-3 टॉवर के बेसमेंट में सोमवार देर रात लगी आग से पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। करीब 100 से अधिक फ्लैट वाले इस टॉवर के इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग 23वीं मंजिल तक फैल गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि घटना रात करीब दो बजे की है। सूचना मिलते ही दो दमकल मौके पर भेजे गए और लगभग आधे घंटे में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग इलेक्ट्रिकल शाफ्ट के जरिए ऊपर तक पहुंची थी। सोसाइटी निवासी लोकेंद्र राठौर ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही लोग अपने फ्लैट छोड़कर नीचे की ओर भागने लगे। टॉवर में चीख-पुकार का माहौल बन गया। इस दौरान एक युवक अपनी बीमार बुजुर्ग मां को सातवीं मंजिल से कंधे पर उठाकर नीचे लेकर आया।
लोकेंद्र ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित निकालना सबसे चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि बेसमेंट में करीब 150 वर्ग फीट क्षेत्र में कूड़ा जमा था, जहां आग पहुंचने के बाद उसने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। निवासियों का आरोप है कि बेसमेंट में कूड़ा जमा होना गंभीर लापरवाही है। घटना के बाद पूरी रात निवासी जागते रहे और कोई भी चैन से नहीं सो पाया।
विज्ञापन
14 मई को वाईजी एस्टेट ने छोड़ा रखरखाव का काम
राठौर ने बताया कि लंबे समय से रखरखाव का काम देख रही वाईजी एस्टेट एजेंसी ने 14 मई को बिना पूर्व सूचना काम बंद कर दिया। अब सोसाइटी बिना रखरखाव एजेंसी के चल रही है। उनका कहना है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है और परियोजना पूरी करने की जिम्मेदारी एनबीसीसी के पास है। निवासियों ने मांग की है कि एनबीसीसी जल्द नई एजेंसी नियुक्त करे।
सेक्टर-63 में कार में लगी आग
सेक्टर-63 में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। आग की वजह से कुछ समय के लिए यातायात को दूसरी तरफ मोड़ना पड़ा। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।