नोएडा। सेक्टर-50 स्थित रवि नॉडी प्ले स्कूल की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-50 के ए ब्लॉक में रवि नॉडी प्ले स्कूल परिसर की दूसरी मंजिल पर एक कोचिंग इंस्टीट्यूट है। यहां 8वीं से 12वीं तक के छात्रों को पढ़ाया जाता है। फिलहाल, कोविड-19 के कारण यहां से ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। परिसर में धुआं फैलने लगा और आग की लपटें निकलने लगी। आग के कारण बिजली गुल होने से लिफ्ट रुक गई। बिल्डिंग का एक सुरक्षाकर्मी लिफ्ट में फंस गया। जबकि तीन शिक्षक व कर्मचारी द्वितीय मंजिल पर फंस गए। आग की तेज लपटों के बीच यहां अफरातफरी मच गई और आसपास लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंचीं आधा दर्जन दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग के कारण पूरे परिसर में धुआं फैल गया था। टीम हाइड्रोलिक प्लेटफार्म लगाकर दूसरी मंजिल पर पहुंची और वहां सबसे पहले लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सुरक्षाकर्मी को बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद आबिद, सुषमा और राहुल को सीढ़ियों के माध्यम से नीचे सुरक्षित लाया गया।
शीशा तोड़कर निकाला धुआं
जब दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो लपटें तेज हो गई थीं और धुआं भी भर गया था। ऐसे में दमकल कर्मचारियों ने पहले शीशा तोड़ना शुरू कर दिया और धुआं बाहर निकलने लगा। इसके बाद राहत व बचाव कार्य में तेजी आई। इस दौरान लिफ्ट में धुआं भरने के कारण गार्ड को सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। दमकल कर्मियों ने समय रहते सुरक्षागार्ड को बाहर निकाला। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
अगर बच्चे होते तो होता बड़ा हादसा
तीन मंजिला इस बिल्डिंग एक भाजपा नेता की है। इसमें भूतल और प्रथम तल पर प्ले स्कूल और ऊपर की दो मंजिल पर कोचिंग चलता है। आग लगने की घटना के वक्त बिल्डिंग में बच्चे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। एसीपी श्यामजीत सिंह ने बताया कि जिस वक्त स्कूल में आग लगी थी। वहां कोई भी छात्र-छात्राएं नहीं थे। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। अग्निशमन व पुलिस की टीम ने बहादुरी से काम करते हुए चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग को फैलने नहीं दिया।