सेक्टर-70 में रहने वाले व्यक्ति ने मां-बेटे और अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
- महिला पर जमीन बेचने के समय अपने नाबालिग पुत्र को बालिग दिखाने का लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज तीन थाना क्षेत्र में एक युवक ने मां और बेटे पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया है। यह आरोप 27 साल पहले बेची गई जमीन को हड़पने से संबंधित है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-70 निवासी गौरव यादव ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पहले उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। इसके बाद गौरव ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। गौरव के पिता अमरपाल और चाचा धर्मपाल यादव ने जनवरी 2011 में प्रभा यादव से एक दुकान वाली भूमि खरीदी थी। यह भूमि प्रभा को रामेश्वरी ने जनवरी 1999 में बेची थी। अब रामेश्वरी और उनके बेटे सुनील पर आरोप है कि उन्होंने सुनील को नाबालिग से बालिग दिखाकर फर्जी दस्तावेज बनाए। गौरव ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इन दस्तावेज को कोर्ट में पेश करने की कोशिश की गई। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। मामले की जांच जारी है।