ऑटो चालक की लापरवाही से मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में ऑटो चालक की लापरवाही से व्यक्ति की मौत होने का आरोप है। मृतक के बेटे की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
तिलपता करनवास निवासी संतोष यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देवला गांव में उनकी कॉस्मेटिक की दुकान है, जिसे वह पिता नकुल यादव के साथ मिलकर संचालित करते थे। 10 मई 2026 की रात दुकान बंद करने के बाद वह और उनके पिता ऑटो से घर लौट रहे थे। ऑटो चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। तिलपता चौक से पहले चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में संतोष को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके पिता नकुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने घायल नकुल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद 21 मई को उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।