- सेक्टर-112 स्थित भारत मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का मामला, स्टाफ पर गलत दवा देने के हैं आरोप
पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-112 स्थित भारत मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में गलत दवा देने से गर्भवती महिला और शिशु की मौत हो गई थी। आरोप स्टाफ पर लगे थे। अब अक्तूबर की घटना में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोरखा गांव में रहने वाले सलीम ने कोर्ट में अर्जी दी कि उनकी बहू शबाना गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा पर शबाना को 9 अक्टूबर को सेक्टर 112 स्थित भारत मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने शबाना के ब्लड प्रेशर के बारे में जानकारी दी थी। इलाज शुरू हुआ और अस्पताल के स्टाफ ने दवा दी। 15-20 मिनट बाद स्टाफ की हलचल, अफरा-तफरी देखकर सलीम के साथ उनके बेटे शाहरुख पत्नी के पास पहुंचे तो शबाना के मुंह से खून आ रहा था। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची। अस्पताल प्रबंधन ने शबाना को फोर्टिस अस्पताल रेफर किया। वहां ले जाने पर चिकित्सकों ने शबाना को मृत घोषित कर दिया। अल्ट्रासाउंड करने पर पता चला कि बच्चे की मौत पहले ही हो गई थी। घरवालों ने भारत मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के स्टाफ पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए दोनों की मौत का जिम्मेदार ठहराया। कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।