-प्राधिकरण के परियोजना अभियंता ने लगाया ब्लैकमेल करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के परियोजना अभियंता ने अभद्रता व ब्लैकमेल करने के मामले में एक सफाई कर्मचारियों के नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कर्मचारियों को भड़काकर आरोपी उन पर अनैतिक दबाव बनाता है और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे रहा है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-126 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के परियोजना अभियंता गौरव बंसल ने पुलिस से शिकायत की है कि गढ़ी-चौखंडी के जय प्रकाश पार्चा असंवैधानिक तरीके से विभिन्न मांगों को लेकर काम बंद या धरना-प्रदर्शन करने की धमकी देते रहते हैं। व्हाट्सएप व इंटरनेट मीडिया पर ऑडियो भेजकर कर्मचारियों की हड़ताल कराते हैं। इससे शहर में सफाई व्यवस्था पर बुरा असर पड़ता है। आरोप है कि पिछले दिनों वह सेक्टर-94 में जनस्वास्थ्य के कार्यालय में अपने साथियों के साथ घुसकर अपने कुछ कर्मचारियों को नौकरी पर रखने का दबाव बनाया। जबरन कार्यालय में घुसकर मिलने का दबाव बनाया। जब मिलने से मना कर दिया गाली-गलौज के बाद एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा कराने की धमकी दी। अभियंता ने इसकी रिकार्डिंग पुलिस को दी है।