-हाईराइज सोसाइटियों के बेसमेंट जर्जर, नोटिस के बाद भी स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं करवा रहे बिल्डर
-सेक्टर 78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन्स और सेक्टर 70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी का मामला
माई सिटी रिपोर्टर नोएडा।
शहर की हाईराइज सोसाइटी में बेसमेंट का हाल बेहाल है। इस लापरवाही के चलते हजारों निवासियों की जान को खतरा है, लेकिन बिल्डर हैं कि उनको इससे कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा। नोएडा प्राधिकरण के नोटिस के बाद भी सेक्टर 78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी और सेक्टर 70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी के बिल्डर ने स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं कराया है। सोसाइटियों में निरीक्षण के बाद प्राधिकरण ने बिल्डर को नोटिस जारी एक माह के भीतर स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाने और दो माह में मरम्मत के कार्य पूरा करवाने को कहा था।
सेक्टर 70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी के एओए अध्यक्ष एएन वर्मा ने बताया कि लंबे समय तक पानी के संपर्क में रहने कि वजह से बेसमेंट के पिलर और बीम से प्लास्टर झड़ रहा है और सरिये गल रहे हैं। बेसमेंट की हालत जर्जर होने की वजह से ऊपरी टावर को भी खतरा बना है। सैकड़ों निवासियों की जान दांव पर है। 14 सितंबर को सोसाइटी में नोएडा प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण किया था। इसके बाद प्राधिकरण ने 8 अक्तूबर को पत्र जारी कर बिल्डर से एक माह के भीतर स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाने और दो माह में मरम्मत कार्य करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। इस संबंध में लोगों ने सोमवार को हमने प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी से मुलाकात की और समस्या बताई।
अंतिम नोटिस पर भी नहीं लिया संज्ञान : सेक्टर 78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी निवासी किशोर कुणाल ने बताया कि 17 सितंबर को बिल्डर को अंतिम नोटिस जारी कर निर्देश दिया, लेकिन अबतक कोई काम नहीं हुआ। इससे पहले भी एक 18 जून को एक पत्र जारी कर दो महीने में स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाने को कहा था, लेकिन उस समय भी एक इंच काम नहीं हुआ। इसके बाद सोसाइटी में आए विधायक से शिकायत की गई थी और फिर दो दिन बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद बिल्डर को अंतिम नोटिस जारी किया गया था।
इनमें से किसी एक संस्थान से स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाने के निर्देश थे ....
-दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी, दिल्ली
-आईआईटी, कानपुर
-एमएनआईटी, इलाहाबाद
-बीआईटीएस, पिलानी
-एएमयू, अलीगढ़
-एमएनआईटी, जयपुर
-सीबीआरआई, रुड़की
-आईआईटी, दिल्ली