दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के एक कॉलेज पर बी फार्मा पाठ्यक्रम का अप्रूवल दिखाकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगा है। विद्यार्थियों ने कोतवाली में कॉलेज के संचालक समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दादरी कोतवाली क्षेत्र में विशवैश्ररैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी तनिष्क माधरे ने वर्ष 2024-25 में बी फार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। कॉलेज का सत्र 2024, 25 का फार्मेसी काउंसलिंग ऑफ इंडिया का अप्रूवल नहीं आया। फिर भी यहां प्रवेश लिया गया है। विद्यार्थी से कहा गया कि कॉलेज के पास अप्रूवल है। 15 सितंबर 2025 को एक फर्जी अप्रूवल दिखाकर 85000 रुपये फीस ले ली गई। उसके बाद रिजल्ट नहीं आया। द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा फार्म कॉलेज द्वारा जबरन स्वयं ही भर दिया गया। इस प्रकार करीब 120 विद्यार्थियों के साथ हुआ। इन सभी से एक लाख से डेढ़ लाख तक की फीस ली गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि कॉलेज द्वारा फर्जी अप्रूवल दिखाकर पैसे हड़पने के मामले में विद्यार्थियों की ओर से संचालक सुनील जिंदल, संजीव बंसल, डॉ. पूर्णिमा शर्मा, संजीव शर्मा, अमित मोदी, वीके सिंह, पारुल पेट्रिक, सीवी सिंह के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।