-नवादा गांव में दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे, 84 वर्षीय बुजुर्ग का हाथ टूटा
-सीसीटीवी में कैद हुई घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के नवादा गांव में ग्रीन बेल्ट की जमीन पर लगे पेड़-पौधों और दीवार को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में 84 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक, उनके घर के पास सरकारी जमीन पर ग्रीन बेल्ट बनी हुई है। इस जमीन पर पेड़-पौधे लगे हैं और दीवार भी बनी हुई है। आरोप है कि कुछ लोग पेड़-पौधों और दीवार को हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दीपक कुमार का आरोप है कि दीवार हटाने का विरोध करने पर करीब 30 से 40 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दीवार तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान घटना का वीडियो बनाया जाने लगा तो आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।