- आबकारी विभाग ने नोएडा के सेक्टर-63 की कम्पोजिट शॉप-1 पर की कार्रवाई, लाइसेंस निलंबित
- मौके से दो सेल्समैन को किया गया गिरफ्तार, दो फरार, मामला दर्ज कर जांच शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आबकारी विभाग ने नोएडा के सेक्टर-63 की कम्पोजिट शॉप-1 पर फर्जी क्यूआर कोड से अवैध शराब को बेचने का मामला पकड़ा है। टीम ने मौके से दो सेल्समैन को गिरफ्तार किया है। जबकि दो मौके से फरार हो गए। मौके पर महंगी अंग्रेजी शराब की 8 बोतलें भी बरामद की गई हैं। जिन पर फर्जी क्यूआर कोड लगा हुआ है। अफसरों ने बताया कि फर्जीवाड़े में काफी लोगों के शामिल होने की सूचना है। जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। साथ ही लाइसेंस धारक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-63 स्थित कम्पोजिट शॉप-1 की कई दिन से शिकायत मिल रही थी। जिस पर विभाग ने जांच शुरू की। मंगलवार की रात टीम ने दुकान पर छापा मारा। मौके से विदेशी ब्रांड की कुल 8 बोतलें बरामद की। जिनकी कीमत 2 हजार से 4000 तक थी। इन सभी बोतलों पर क्यूआर कोड चस्पा था। जांच की तो पता चला कि वो उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग के नहीं हैं। विभाग की मोबाइल एप्लीकेशन पर स्कैन नहीं हो रहे थे। क्यूआर कोड फर्जी मिले जोकि ग्राहकों को गुमराह करने के लिए लगाए गए थे।
उन्होंने बताया कि विदेशी शराब की महंगी शराब को अन्य जगह से लाकर यहां बेचा जा रहा था। शराब कहां से आ रही थी और कौन इस सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। इसकी जांच की जा रही है। मौके पर दो सेल्समैन कुलदीप सिंह और रोहताश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो अन्य अंशुल जायसवाल व दीपक कुमार मौके से फरार हो गए। अवैध शराब को दुकान पर बेचा जा रहा था। दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। साथ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।