डॉ. पंकज ने कहा - सभी मार्गों पर बसें नियमित रूप से चल रहीं
4000 बसों का बेड़ा सक्रिय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को स्पष्ट किया है कि राजधानी में डीटीसी और क्लस्टर बस सेवाओं में कोई कमी नहीं है। सभी मार्गों पर बसें नियमित रूप से चल रही हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ी हुई मांग के बावजूद बस सेवाएं यात्रियों के लिए निर्बाध रूप से उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार बस बेड़े के विस्तार और रूट रेशनलाइजेशन के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुगम और कुशल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजधानी में फिलहाल लगभग 4,000 बसों का सक्रिय बेड़ा कार्यरत है जिसमें सीएनजी, 9 मीटर लंबी देवी व बड़ी ई-बसें शामिल हैं।
आईआईटी दिल्ली की ओर से तैयार की गई योजना के अनुसार, ये बसें 426 सिटी रूट, 12 एनसीआर रूट और 70 देवी बस रूट पर परिचालित हो रही हैं। अगले वर्ष तक बसों की संख्या बढ़ाकर 7,000 तक पहुंचाने की योजना है जिससे सेवा कवरेज और परिचालन क्षमता और बेहतर होगी। विशेष रूप से रूट रेशनलाइजेशन और वेटिंग टाइम में सुधार के माध्यम से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा प्रदान की जा रही है। ग्रामीण और बाहरी इलाकों में बस सेवाएं नियमित रूप से जारी हैं और नए बस क्यू शेल्टरों का निर्माण भी डीटीआईडीसीएल की ओर से तेजी से किया जा रहा है। राजधानी में बसों की कोई कमी नहीं है। डीटीसी और क्लस्टर सेवाएं सभी मार्गों पर सुचारू रूप से चल रही हैं। सरकार यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण-हितैषी परिवहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।