प्राधिकरण ने सेतु निगम से मांगी रिपोर्ट, एलिवेटेड रोड बनने से खत्म होगा जाम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तिलपता गांव में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की फिजिबिलिटी रिपोर्ट जल्द तैयार होगी। इस संबंध में प्राधिकरण ने सेतु निगम को निर्देश दिए हैं ताकि एलिवेटेड रोड का काम शुरू हो सके। इस रिपोर्ट में एलिवेटेड रोड के निर्माण का खर्च, सड़क कितने लेन की होगी आदि का पता चलेगा। एलिवेटेड रोड बनने के बाद तिलपता में जाम की समस्या खत्म होगी।
तिलपता गांव के बीच से दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड निकल रहा है। इसी रोड पर तिलपता गांव के अंदर कंटेनर डिपो बना हुआ है। यह डीएससी रोड ग्रेटर नोएडा को दादरी के साथ जीटी रोड से जोड़ता है। इस कारण सड़क पर काफी यातायात रहता है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण तिलपता में जाम लगा रहता है। इस समय जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। जाम की समस्या को लेकर प्राधिकरण ने यहां पर एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला लिया है। इसकी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सेतु निगम को दी है। इसके लिए निगम को 35 लाख रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। तिलपता में करीब चार किमी का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा।