हाईराइज सोसाइटियों में गिरते प्लास्टर से जान बचाने के लिए लोगों ने अपनाया अनोखा तरीका, सीएम से गुहार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की बहुमंजिला इमारतों (हाईराइज सोसाइटियों) में जर्जर होते निर्माण और टावरों से प्लास्टर गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन लोग इसका शिकार बन रहे हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और प्रशासनिक अमला मूकदर्शक बना बैठा है। अपनी सुरक्षा से समझौता होता देख अब निवासियों ने खुद ही अनोखा रास्ता चुना है। लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने के बाद भी लोग अब अपनी और अपने बच्चों की जान बचाने के लिए सोसाइटी परिसर में हेलमेट पहनकर निकलने को मजबूर हैं।
ताजा मामला सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी का है। यहां शनिवार को बच्चों और निवासियों ने हेलमेट लगाकर ही घर से बाहर निकलने का प्रण लिया, ताकि वे मलबे की चपेट में आने से बच सकें। निवासियों ने इस बदहाली की तस्वीरें और अपनी मजबूरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी हैं। निवासियों को उम्मीद है कि शायद मुख्यमंत्री इस मामले का संज्ञान लेंगे, जिसके बाद सोसाइटियों के बिल्डरों और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सोसाइटी के निवासी रंजन और ब्रजेश ने बताया कि टावरों की हालत दिन-ब-दिन जर्जर हो रही है। ऊपरी मंजिलों से कभी भी प्लास्टर के बड़े टुकड़े नीचे गिर जाते हैं, जिससे नीचे टहलने वालों की जान पर चौबीसों घंटे खतरा मंडराता रहता है। नीचे खड़ी गाड़ियों की छतें भी टूट चुकी हैं।
नोएडा में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
पिछले दिनों सेक्टर-119 स्थित आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी में प्लास्टर गिरने के बाद एक बच्ची का सिर फट गया था और 10 से अधिक टांके लगे थे। बच्ची की जान बाल-बाल बची थी। सेक्टर 70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी में भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं लगातार होती रहती हैं। ऐसे में यहां के निवासियों ने अपने पैसे खर्च करने सोसाइटी का रेनोवेशन करवाने की जिम्मेदारी उठाई है, ताकि निवासियों की जान जोखिम में पड़ने से बचाई जा सके।