- रबूपुरा सब स्टेशन पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ की नारेबाजी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/रबूपुरा। उमस भरी गर्मी में पिछले 10 दिनों से बिना बिजली के रह रहे ग्रामीणों ने सोमवार को सब स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में गांव के महिला पुरुष और बुजुर्ग रबूपुरा सब स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सभी सब स्टेशन के अंदर धरने पर बैठ गए।
लोगों ने बताया कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर 10 दिन पहले जल गया था, जिसे अभी तक बदला नहीं गया है। इसके कारण आधा गांव अंधेरे में है। गांव पचकोरा के लोगों ने बताया कि बीते लगभग 10 दिनों से गांव में बिजली नहीं आ रही है। गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था और कर्मचारियों ने इसे बदलने का आश्वासन दिया था। जो अभी तक बदला नहीं जा सका है। इस दौरान ग्रामीणों की अधिकारियों से जमकर नोंकझोंक हुई और वह उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर ने उन्हें समझाया और जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया है। गांव के कालू, दिनेश, सुशील, विजय आदि ने बताया कि गांव में विधुत आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जोकि जल गया था। जिसे अभी तक नहीं बदला गया है।
हर आधे घंटे में लग रहे हैं कट : लोगों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर दिन 6 घंटे बिजली कटौती का शेड्यूल है। जबकि नगर पंचायत मुख्यालय में सिर्फ 4 घंटे कटौती का शेड्यूल है। इसके बाद भी हर दिन क्षेत्र में 7-8 घंटे तक लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई गांवों में 9-10 घंटे भी बिजली कटौती हो रही है, जिसके कारण लोग परेशान हो रहे हैं।