-काली फिल्म चढ़ी दो गाड़ियों को गोल-गोल घुमाकर युवकों ने मचाया उपद्रव, राहगीर परेशान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर 150 स्थित टाटा यूरेका पार्क के बाहर कुछ युवकों द्वारा सरेआम खतरनाक स्टंट करने और उपद्रव मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो काले रंग की स्कॉर्पियो नजर आ रही हैं, जिस पर काली फिल्म चढ़ी हुई है। खास बात यह है कि गाड़ी पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी है।
वीडियो में युवक स्कॉर्पियो को गोल-गोल घुमाते और जिगजैग तरीके से तेज रफ्तार में चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान टायरों के घिसटने से तेज आवाज गूंजती रही। स्टंटबाजी के कारण वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस के मीडिया सेल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर वाहन और उसमें सवार आरोपियों की पहचान की जा रही है।