जनगणना में न आने पर 2 कर्मचारियों के निलंबन, 4 की सेवा समाप्ति की तैयारी
-नोएडा प्राधिकरण ने जताई सख्ती, आगे एफआईआर के लिए फिर से डीसीपी को तहरीर दी गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जनगणना ड्यूटी में न आने वाले कर्मचारियों पर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से लगातार सख्ती बरती जा रही है। ड्यूटी पर न आने वाली दो संविदा कर्मियों के निलंबन और चार की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया सोमवार को शुरू कर दी गई है। वहीं अन्य विभागों के शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए फिर से डीसीपी को तहरीर दी गई है।
जनगणना के भारसाधन अधिकारी प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि 2284 हाउस लिस्टिड ब्लॉक (एचएलबी) में से 1172 एचएलबी में काम शुरू हो चुका है तथा 16 एचएलबी पूरे कर लिए गए हैं। इनके अलावा 1096 एचएलबी शुरू नहीं हुए हैं। अभी तक 52 प्रतिशत एचएलवी लाइव हो पाई है। इसमें कमी के पीछे वजह यह है कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, वह सभी लोग नहीं आए हैं। इस स्थिति में प्राधिकरण के नियमित कर्मचारियों श्वेता तलवार व पिंकी मावी के निलंबन और संविदा कर्मी नीरज, ईश्वर, महबूब अली, राजेश शर्मा व धमेंद्र सिंह की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इनके अलावा दूसरे विभागों के जरिए शिक्षकों व अन्य की ड्यूटी लगाई गई है, उनमें से करीब 100 लोगों ने अभी कामकाज नहीं संभाला है। ऐसे में इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।