रास्ते पर बाइक खड़ी करने पर युवक को लात-घुसों से बेरहमी से पीटा
- सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में क्राउंन प्लाजा गोल चक्कर से पहले सर्विस रोड की घटना
- पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, वीडियो भी हुआ वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में युवकों के एक ग्रुप ने डिलीवरी बॉय को सड़क पर गिराकर लात-घुसों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बाकी की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि सड़क पर बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। बाइक नहीं हटाने पर आरोपियों ने पिटाई कर दी।
पीड़ित संतोष ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। आरोप है कि बुधवार को वो क्राउंन प्लाजा गोल चक्कर के पास सूरजपुर से कासना जाने वाली रोड की सर्विस रोड पर बाइक रोककर खड़ा था। आरोप है कि तभी 5 युवक वहां पहुंचे और बाइक हटाने को कहा। इस बात को लेकर संतोष की युवकों के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि उसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को जमीन पर गिराकर लात घुसों से जमकर पीटा । किसी ने घटना का वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियों में आरोपी युवक को जमकर पीट रहे हैं। कोतवाली के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूरजपुर कस्बा निवासी नसीम, साकिब, सोहेल और आलीशान सैफी उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।