- विसरा रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद, पुलिस ने कई ठिकानों पर दी दबिश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/दादरी। कूड़ीखेड़ा गांव की रहने वाली दीपिका नागर हत्याकांड में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि मामले में नामजद ननद अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर कई जगह दबिश दी, लेकिन आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
विसरा रिपोर्ट पर टिकी नजरः उधर दीपिका की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने विसरा का नमूना जांच हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला गाजियाबाद भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार करीब एक से डेढ़ महीने में रिपोर्ट आने की संभावना है। रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। कूड़ीखेड़ा गांव निवासी संजय नागर ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी बेटी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर की थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
नेलपॉलिस लगाने का वीडियो आया सामनेः इसी बीच दीपिका की शादी की पहली सालगिरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पति रितिक दीपिका को केक खिलाते दिखाई दे रहा है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी खुशी मनाते नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में आरोपी दीपिका के पैर में नेलपॉलिस लगा रहा है। दूसरी ओर परिवार की घरेलू सहायिका मुनेश का बयान भी सामने आया है। उसने दावा किया कि घर में सभी लोग सामान्य और प्रेमपूर्वक रहते दिखाई देते थे। वहीं, पुलिस ससुर मनोज के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। परिवार ने उसके खिलाफ जमीन कब्जाने और मारपीट के मुकदमे दर्ज होने का दावा किया है।