दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के वीरपुरा गांव में पानी निकासी के विवाद को लेकर 80 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी पत्नी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। करीब एक माह बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाशनाथ ने बताया कि वीरपुरा निवासी प्रकाश सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि पड़ोसी अक्सर उनके घर के सामने पानी बहा देते थे। इसे लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे आपसी समझौते से निपटा लिया गया था।
आरोप है कि आठ जुलाई को प्रकाश सिंह ने पड़ोसी दिनेश से सड़क पर पानी बहाने से मना किया। इस पर दिनेश और उसका बेटा लकी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उपचार के बाद पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।