अनियमितताओं के खिलाफ 20 अप्रैल को आंदोलन करेंगे किसान
ग्रेटर नोएडा संवाद। नोएडा पावर कंपनी के तानाशाह रवैये और अनियमितताओं के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन बलराज के पदाधिकारी 20 अप्रैल को आंदोलन करेंगे। इसको लेकर पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया।
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय महासचिव विपिन खारी का कहना है कि एनपीसीएल ने गौतमबुद्ध नगर के निवासियों के साथ खुली लूट मचा रखी है। नए विद्युत कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से 25 हजार रुपये तक लिए जाते हैं। जिसमें दूरी बढ़ने पर 70 वर्ग फुट के हिसाब से वसूल किए जाते हैं। उसके बाद एनपीसीएल अनाप-शनाप बिल भेजती है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी शौकत अली चेची ने कहा कि एनपीसीएल प्राइवेट कंपनी का तानाशाही रवैया उपभोक्ताओं का शोषण कर रहा है। बिजली यूनिट चार्ज को चार जोनों में बांट कर लूट मचाई हुई है। बिजली उपभोक्ताओं से करीब 8 गुना तक रकम वसूली जा रही है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर 20 अप्रैल को नॉलेज पार्क स्थित एनपीसीएल दफ्तर पर आंदोलन किया जाएगा।