-अवैध निर्माण तोड़फोड़ विवाद में प्राधिकरण की ओर से करवाई एफआईआर से हैं नाराज
-आज नोएडा प्राधिकरण दफ्तर सेक्टर-6 पहुंचेंगे किसान
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। सेक्टर-115 सोरखा में शुक्रवार को अवैध निर्माण तोड़े जाने के दौरान हुए विवाद में एफआईआर का विरोध जताने के लिए रविवार को किसान एकजुट हुए। किसान सोहरखा स्थित बारात घर में जुटे। यहां से सेक्टर-113 थाने का घेराव करने की तैयारी थी। लेकिन पुलिस अधिकारी बारात घर में ही पहुंच गए। यहां पर देर तक किसानों की पुलिस से वार्ता और पंचायत हुई। इसके बाद किसानों ने निर्णय लिया कि सोमवार को नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित दफ्तर पर जाएंगे। प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता होगी। अगर वार्ता में किसानों की मांगे पूरी नहीं हुई तो धरना शुरू कर दिया जाएगा।
किसान सोरखा बारात घर में भारतीय किसान परिषद के बैनर तले एकजुट हुए थे। संगठन ने सुबह 11 बजे सेक्टर-113 थाने पहुंचकर मांगे न मानने तक घेराव करने का ऐलान किया था। सूचना पर पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा एजेंसी सक्रिय हो गईं। किसानों की रणनीति जानकर उन्हें गांव में रोकने की योजना बनाई गई। सुबह दस बजे से बारातघर के पास पुलिस बल तैनात हो गया। किसानों ने बारातघर में ही पंचायत शुरू कर दी। अध्यक्षता भूलेराम यादव और संचालन जतन यादव ने किया। उन्होंने कहा कि गांव में कई खसरों की जमीन पर धार्मिक आयोजन स्थल बन चुके हैं। अधिकारियों ने उनका नक्शा पास किया है। यदि नहीं, तो प्रतिष्ठान अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं। किसानों को मकान बनाने से रोका जाता है। परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसानों को एकजुटता दिखानी होगी। दोपहर पौने दो बजे एडीसीपी सुमित शुक्ला ने किसानों को आश्वासन दिया कि सोमवार को प्राधिकरण में अधिकारियों संग वार्ता कराई जाएगी।