-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हाईकोर्ट के आदेश पर साकीपुर गांव में की कार्रवाई
-पुलिस व प्राधिकरण अफसरों से ग्रामीणों की कहासुनीं, जमीन पर लेटीं महिलाएं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण की टीम ने रविवार को साकीपुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर जमीन से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाएं जमीन पर लेट गई। बाद में पुलिस ने भीड़ को हटाया। प्राधिकरण के अफसरों का कहना है कि जिस जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है, उस पर एक किसान को छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित है। करीब 5000 वर्ग मीटर जमीन से अवैध निर्माण को हटाया गया है।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह और विशेष कार्याधिकारी (भूलेख) रामनयन सिंह के नेतृत्व में परियोजना और भूलेख विभाग की टीम ने कार्रवाई की। एके सिंह ने बताया कि साकीपुर के खसरा संख्या 583 की लगभग 5000 वर्ग मीटर जमीन पर कुछ लोग चाहरदीवारी बनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन किसान को 6 प्रतिशत आबादी भूखंड के रूप में आवंटित है, लेकिन उनको कब्जा नहीं मिल पा रहा था। हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार सुबह प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। वहां अतिक्रमण को तोड़ाकर जमीन पर कब्जा लिया। वहीं प्राधिकरण की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। भीड़ में महिलाएं भी शामिल थी। महिलाओं ने प्राधिकरण की कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया। कुछ महिला जमीन पर लेट गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस व प्राधिकरण के अफसरों से काफी गरमागर्मी भी हुई।
इस मामले में प्राधिकरण की टीम के साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया थ। किसी भी तरह की किसी से कोई झड़प और नोकझोंक नहीं हुई है।
शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी सेंट्रल नोएडा