यमुना सिटी (संवाद)। धान की कटाई के बाद किसान अब गेहूं की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। खेत खाली होने के साथ ही पलेवा और जुताई का काम शुरू हो गया है। किसान समय पर बुवाई पूरी करने के लिए खेतों को तैयार कर रहे हैं। वहीं, उनकी नजर खाद और प्रमाणित बीज की उपलब्धता पर भी टिकी हुई है। किसानों का कहना है कि गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए समय पर बुवाई के साथ गुणवत्तापूर्ण बीज और पर्याप्त खाद मिलना जरूरी है।
बुवाई के सीजन में डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में किसानों को आशंका है कि खाद की कमी या सरकारी केंद्रों पर लंबी कतारों के कारण खेती का काम प्रभावित हो सकता है। किसानों ने मांग की है कि खाद की दुकानों और सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा बीज खरीदते समय किसान उसकी गुणवत्ता और किस्म का भी विशेष ध्यान रख रहे हैं, ताकि फसल की पैदावार बेहतर हो सके।