पलवल। मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी गांव जनौली निवासी कुलदीप को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके समर्थकों ने हमला कर दिया। उन्होंने दो पुलिसकर्मियों को घायल कर कुलदीप को छुड़ा लिया। उन्होंने पुलिसवालों की वर्दी भी फाड़ दी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गदपुरी थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गदपुरी थाने के सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने बताया कि बघौला चौकी इंचार्ज एएसआई रोहताश ने रिपोर्ट में बताया है कि रविवार को वे कुलदीप को पकड़ने गांव गांव जनौली गए थे। उनके साथ पुलिस टीम में एएसआई अमन प्रकाश, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, सिपाही पवन कुमार व चालक एसपीओ मेहरचंद थे। टीम ने कुलदीप को उसके मकान में पकड लिया और थाने लाने लगी। इसी दौरान कुलदीप की मां किशनबती, बहन मंजू सहित 5-6 लोगों ने उन पर हमला कर दिया और कुलदीप को छुड़ा लिया। उनके हमले में सिपाही पवन कुमार और एसपीओ मेहरचंद को चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। इस प्रकरण में 6 लोगों के खिलाफ पुलिस के साथ मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, वर्दी फाड़ने और आरोपी को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी किशनबती को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार हैं।